March 10, 2026

T20 WC 2026 के फाइनल में पहुंची न्यूजीलैंड, सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा

T20 WC 2026 के फाइनल में पहुंची न्यूजीलैंड, सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा न्यूजीलैंड T20 विश्व कप के फाइनल में

T20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली है. कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला गया यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा. दिलचस्प बात यह है कि इसी टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था लेकिन सेमीफाइनल में कीवी टीम ने उस हार का पूरा बदला चुकाया.

टॉस जीतकर बॉलिंग का फैसला, दूसरे ओवर में ही झटके

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. दूसरे ही ओवर में न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिनर कोल मैकनी ने अपना जादू दिखाया. क्विंटन डी कॉक एक चौके और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए जब उन्होंने लंबा शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद सीधे लॉकी फर्गुसन के हाथों में गई. अगली ही गेंद पर बाएं हाथ के बल्लेबाज रयान रिकेल्टन भी कट शॉट हवा में खेल बैठे और फिन एलन के हाथों कैच आउट हुए. दो विकेट महज 12 रन पर गिर गए.

मार्कराम का ड्रॉप कैच और राचिन रविंद्र की विकेट

कप्तान एडन मार्कराम को राचिन रविंद्र ने एक मौका दिया लेकिन खुद ही कैच छोड़ा. किस्मत का खेल देखिए कि राचिन रविंद्र ने ही बाद में मार्कराम की विकेट ली जिनकी कैच डीप में जाकर लेनी पड़ी और उस पर काफी विवाद भी रहा. मार्कराम 20 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए. डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन की पारी खेली लेकिन न्यूजीलैंड की कड़ी गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सके.

मार्को यांसेन की तूफानी 55, फिर भी 169 पर सिमटी SA

अंत में मार्को यांसेन ने जरूर कुछ बड़े शॉट लगाए. उन्होंने 30 गेंद में 55 रन बनाए जिसमें 5 छक्के और 2 चौके शामिल थे. ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में 29 रन का योगदान दिया. लेकिन दक्षिण अफ्रीका की पूरी पारी 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन पर सिमट गई. न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी और राचिन रविंद्र ने 2-2 विकेट लिए जबकि लॉकी फर्गुसन और कोल मैकनी को 1-1 विकेट मिला.

फिन एलन का ऐतिहासिक शतक, 12.5 ओवर में जीत

170 रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत जबरदस्त रही. टिम सेफर्ट ने 33 गेंद में 58 रन ठोके जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे. वहीं फिन एलन ने पूरे मुकाबले को एकतरफा बना दिया. उन्होंने महज 33 गेंद में 100 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे. न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में ही 9 विकेट से मैच जीत लिया और T20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई.

अब भारत बनाम इंग्लैंड का सेमीफाइनल

अब दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होना है. इस मैच का विजेता फाइनल में न्यूजीलैंड से T20 विश्व कप 2026 के खिताब के लिए भिड़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to Top